चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में आमजन से सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने सुझाव एवं फीडबैक दर्ज कराने की अपील की है।
जिला प्रशासन के अनुसार गृह विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल एवं क्यूआर कोड के माध्यम से नागरिक सरलता से अपने सुझाव दर्ज कर सकते हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक ऑनलाइन फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत जिले के महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में क्यूआर कोड प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को ऑनलाइन माध्यम से अपने सुझाव दर्ज करने के लिए प्रेरित करेंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे राज्य सरकार के आधिकारिक यूसीसी पोर्टल पर जाकर अपने सुझाव एवं फीडबैक अवश्य दर्ज करें, ताकि नीति निर्माण की प्रक्रिया में जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके और आमजन की राय को प्रभावी रूप से शामिल किया जा सके।