खरगोन। जिले के कसरावद थाना परिसर में धारा 25 पुलिस एक्ट के तहत जब्त 39 मोटरसाइकिलों की सार्वजनिक नीलामी आयोजित की गई। नीलामी प्रक्रिया से शासन को ₹3 लाख 77 हजार का राजस्व प्राप्त हुआ, जो वाहनों के निर्धारित आरक्षित मूल्य से करीब 5.3 गुना अधिक है।
नीलामी के लिए वाहनों का कुल आरक्षित मूल्य ₹70,900 निर्धारित किया गया था, जबकि बोली के माध्यम से कुल ₹3,77,000 की राशि प्राप्त हुई। एक वाहन पर सबसे अधिक ₹28,500 की बोली लगी। नीलामी प्रक्रिया में 77 लोगों ने टोकन लेकर भागीदारी की।
पूरी प्रक्रिया अधिकृत अधिकारी एवं तहसीलदार नरेन्द्र मुवेल की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देश पर की गई, जिससे थाना परिसर में लंबे समय से खड़े लावारिस और जब्त वाहनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। जिला पुलिस ने बताया कि इसी प्रकार की सार्वजनिक नीलामी आगे अन्य थाना क्षेत्रों में भी आयोजित की जाएगी।
नीलामी को सफल बनाने में थाना प्रभारी इन्द्रेश त्रिपाठी, थाना स्टाफ तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।