महेश्वर। खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र के ग्राम नांद्रा में दो दिनों से लापता 25 वर्षीय युवक अजय बघेल का शव शनिवार को वार्ड क्रमांक 10 के डोंगर मोहल्ले के पास स्थित सरकारी कुएं में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। युवक के घर नहीं लौटने पर परिजन और रिश्तेदार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
अजय के पिता मोहन बघेल ने बताया कि घटना से पहले सुबह करीब 4 बजे अजय कहीं बाहर जाने की तैयारी कर रहा था। इसके बाद वे सो गए। अगले दिन तक अजय के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शनिवार को वार्ड क्रमांक 10 के डोंगर मोहल्ले के पास सरकारी कुएं में ग्रामीणों और चौकीदार को युवक का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल मण्डलेश्वर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मण्डलेश्वर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
बताया गया कि अजय बघेल के परिवार में उसकी दो संतानें हैं। उसकी चार वर्षीय बेटी वंशिका और दो वर्षीय बेटा रुद्र है। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल अजय की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मण्डलेश्वर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।