दूदरसी। गांव में चोरों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन कुओं से मोटर-केबल चोरी होने और मकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बीच अब ग्राम पंचायत दूदरसी की सरपंच के नोहरे में चोरी का मामला सामने आया है। चोर नोहरे का ताला तोड़कर दो दुधारू भैंसों और उनके दोनों बछड़ों को चुराकर ले जाने में कामयाब हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दूदरसी की सरपंच विमला बाई शंभुलाल मेघवाल के नोहरे में 8 और 9 अगस्त की दरमियानी रात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने नोहरे के दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर बंधी दोनों दुधारू भैंसों के साथ उनके बछड़ों को भी चोरी कर लिया।
घटना का पता रविवार सुबह उस समय चला, जब सरपंच दूध निकालने नोहरे पर पहुंचीं। वहां दरवाजे का ताला टूटा देखकर उन्होंने अंदर जाकर देखा तो दोनों भैंसें और बछड़े गायब थे। उन्होंने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद सरपंच प्रतिनिधि शंभुलाल मेघवाल ने मौके पर पहुंचकर निशानदेही के आधार पर तलाश शुरू की। उन्हें आशंका हुई कि चोर भैंसों को पिकअप वाहन में भरकर ले गए हैं। दारू रोड स्थित मुख्य मार्ग के पास एक कुएं पर पिकअप के टायरों के निशान मिले। इन निशानों के आधार पर तलाश करने पर दूदरसी से नीमच-सांडा तक वाहन के टायरों के निशान दिखाई दिए। इसके बाद पिकअप के दारू मार्ग की ओर जाने की जानकारी सामने आई।
घटना के बाद सरपंच प्रतिनिधि शंभुलाल मेघवाल ने थाना बघाना पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अब पुलिस के सामने दो दुधारू भैंसों और बछड़ों की चोरी का खुलासा करने की चुनौती है। ग्रामीणों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता और आक्रोश है। देखना होगा कि पुलिस चोरों तक पहुंचकर चोरी की वारदात का खुलासा कर पाती है या नहीं।