निम्बाहेड़ा। निम्बाहेड़ा नगर परिषद क्षेत्र के रानीखेड़ा में अरबन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (UAAM) की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राजस्थान द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (PM-ABHIM) के तहत चित्तौड़गढ़ जिले में एक नवीन शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वीकृत किया गया है। इसके लिए छह माह की अवधि हेतु 28.87 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
यह स्वीकृति पूर्व यूडीएच मंत्री एवं निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर मिली है। रानीखेड़ा में UAAM की स्थापना से शहरी क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन राजस्थान के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम द्वारा जारी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के अनुसार प्रदेश में तीन नए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना के लिए कुल 86.62 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें जयपुर-2 के लिए दो तथा चित्तौड़गढ़ जिले के लिए एक UAAM शामिल है।
मिलेंगी विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं
रानीखेड़ा में प्रस्तावित अरबन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ टेली-कंसल्टेशन, आवश्यक जांच, स्वास्थ्य जागरूकता, वेलनेस गतिविधियां सहित अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र के संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन, उपकरण, फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी बजट का प्रावधान किया गया है।
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि UAAM की स्थापना से रानीखेड़ा सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
क्षेत्रवासियों ने रानीखेड़ा में अरबन आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा बताते हुए खुशी व्यक्त की है।