खरगोन। जैतापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। महिला को ससुराल पक्ष के लोग बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने मौत को लेकर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई और आरोपी पति सहित सास-ससुर व अन्य परिजनों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार श्वेता पति अजय सागोरे (23), निवासी बजरंगही नगर, जैतापुर को सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतिका के पिता करण देवले, निवासी लोहारी, ने बताया कि उनकी बेटी ने करीब चार वर्ष पहले अजय सागोरे से प्रेम विवाह किया था। मायके पक्ष का आरोप है कि श्वेता ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का कहनाकृमर्ग कायम कर जांच शुरू
दिनभर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन, देर रात तिराहे पर सड़क पर बैठे परिजन
घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने जिला अस्पताल के बाहर दिनभर प्रदर्शन किया। परिजन पति सहित सास-ससुर और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद देर रात गायत्री मंदिर तिराहे पर भी परिजनों और समर्थकों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर एसडीओपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। परिजन मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। नवविवाहिता की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।