शहडोल। जिस आंगनबाड़ी केंद्र में मासूमों की किलकारियां गूंजनी चाहिए थीं, वहां इन दिनों बारिश का पानी मुसीबत बनकर जमा है। शहडोल जिले में हुई भारी बारिश का नतीजा आंगनबाड़ी तालाब में तब्दील हो गई, ऐसा ही नजारा जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हारी के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 बरतर में देखने को मिला। जहां आंगनबाड़ी तालाब में तब्दील हो गई है। बच्चे जान जोखिम में डालकर पहुंच रहे है, जिससे खतरा बना हुआ है।
भारी बारिश के बाद जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हारी के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 बरतर का पूरा परिसर तालाब में तब्दील हो गया है। पानी से भरे परिसर के बीच छोटे-छोटे बच्चे रोजाना आंगनबाड़ी पहुंचने को मजबूर हैं। हालात ऐसे हैं कि बच्चों को खुद डर सता रहा है कि कहीं पानी में पैर फिसलने से वे गिर न जाएं और चोटिल न हो जाएं।
बारिश में आंगनबाड़ी परिसर में पानी का जमाव बच्चों के लिए परेशानी बना हुआ है। केंद्र के आसपास जमा पानी के कारण आने-जाने का रास्ता भी मुश्किल हो गया है। नन्हे बच्चों को इसी जलभराव से होकर आंगनबाड़ी तक पहुंचना पड़ रहा है। मासूमों की उम्र ऐसी है कि उन्हें खतरे का अंदाजा भले हो, लेकिन उससे बचने का कोई विकल्प उनके पास नहीं है।
बच्चों का कहना है कि पानी देखकर उन्हें डर लगता है। उन्हें चिंता रहती है कि कहीं पैर फिसलने से वे पानी में गिर न जाएं और चोट लग जाए। ऐसे में सवाल उठता है कि जिस जगह पर बच्चों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, वहां जलभराव की समस्या का समाधान अब तक क्यों नहीं हुआ? आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चे बेहद छोटे हैं। ऐसे में जलभराव केवल असुविधा नहीं, बल्कि फिसलने, गिरने और चोट लगने का संभावित खतरा भी है।