रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सातरुंडा के पास रत्तागिरी चौराहे से पहले हुआ। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में करीब 28 यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार स्लीपर बस भीलवाड़ा से नासिक जा रही थी। हादसे के वक्त क्षेत्र में बारिश हो रही थी। जिस स्थान पर बस पलटी, वहां सड़क पर कर्व टर्न है। प्रारंभिक तौर पर तेज गति के कारण मोड़ पर बस के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इस स्थान पर पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रतलाम और बदनावर से 3-4 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को रात करीब 2 से ढाई बजे के बीच रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा कराया। रतलाम के पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस बल सुबह करीब 4ः30 बजे तक मौके पर मौजूद रहा। इसके बाद बस को सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने की कार्रवाई की गई। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।