कालापीपल। शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील के ग्राम खोकरा कला में हनुमान मणि समिति के सक्रिय सदस्य मुकेश जी पंडित का जन्मदिन भारतीय वैदिक ऋषि परंपरा और धार्मिक विधि-विधान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनकी मित्र मंडली और हनुमान मणि समिति के सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
जन्मदिन कार्यक्रम की शुरुआत पंडित पंकज जी के सानिध्य में हनुमान चालीसा पाठ एवं महामृत्युंजय मंत्र के जाप से हुई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मित्रों और समिति के सदस्यों ने मुकेश जी पंडित को फूलमाला पहनाकर एवं साफा बांधकर सम्मानित किया। इसके साथ ही मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि मुकेश जी इसी तरह समाजसेवा, धार्मिक कार्यों और सामाजिक गतिविधियों में निस्वार्थ भाव से आगे बढ़कर योगदान देते रहें। उनके सेवा और समर्पण से समाज को निरंतर प्रेरणा मिलती रहे, ऐसी मंगलकामना सभी ने की।
कार्यक्रम के दौरान मित्र मंडली और हनुमान मणि समिति के सदस्यों में उत्साह का माहौल रहा। सभी ने मुकेश जी पंडित के उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उनके मित्रगण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।