तराना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को तराना नगर में ग्वाला-गवाली यादव समाज द्वारा विशाल चल समारोह का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में समाजजन, महिलाएं, बच्चे और युवा, पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में ष्जय कन्हैया लाल कीष् और ष्राधे-राधेष् के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
चल समारोह की शुरुआत राधा कृष्ण गवाली धर्मशाला, तलाव की पाल के पास से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा उतरा चौराहा, नयापुरा, पेट्रोल पंप चौराहा, खाकरीपुरा, चूड़ी बाजार, तेजाजी चौक, झंडा चौक, बस स्टैंड और मालीपुरा होते हुए पुनः राधा कृष्ण गवाली धर्मशाला, तलाव की पाल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी, बैंड-बाजे और डीजे पर भजन आकर्षण का केंद्र रहे। जगह-जगह नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और शीतल जल व प्रसादी का वितरण किया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखी गई।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष जन्माष्टमी पर इस चल समारोह के माध्यम से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का प्रयास किया जाता है। समापन पर धर्मशाला परिसर में महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्वाला-गवाली यादव समाज के सभी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।