चित्तौड़गढ़। शहर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जिला प्रशासन की पहल पर एक महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध हुई है। सूचना केंद्र में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवनिर्मित लाइब्रेरी तैयार की गई है। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की पहल पर CSR के सहयोग से जेके सीमेंट द्वारा निर्मित इस लाइब्रेरी का संचालन अब नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा किया जाएगा।
शुक्रवार को नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव ने नवनिर्मित लाइब्रेरी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए शांत, बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहे।
लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इंटरनेट, वाई-फाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए इन्वर्टर, स्मार्ट टीवी, सीसीटीवी कैमरे और एसी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। छात्राओं और छात्रों के लिए अलग-अलग अध्ययन परिसर बनाए गए हैं। यहां एक साथ करीब 100 विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए परिसर के बाहर भी सीटिंग की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि लाइब्रेरी के सुचारू संचालन के लिए नगर परिषद की ओर से दो ऑपरेटर, एक सफाई कर्मचारी और एक चौकीदार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। यदि किसी सुविधा में कमी सामने आती है तो उसे आगामी दो-तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
यह लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उन विद्यार्थियों के लिए खास तौर पर उपयोगी साबित होगी, जिन्हें शांत और सुविधायुक्त अध्ययन स्थल की आवश्यकता रहती है। जिला प्रशासन की पहल, CSR सहयोग और नगर परिषद के संचालन से तैयार यह सुविधा विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण के साथ आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता जितेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सतीश कुमार, डॉ. विकास अग्रवाल, मनोहर पाराशर, ओमप्रकाश प्रजापत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।