बालाघाट। जिले के आदिवासी क्षेत्रों में बैगा समुदाय के बच्चों की लगातार हो रही मौतों को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। सिंघार ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उच्चस्तरीय चिकित्सकीय जांच कराने और प्रभावित क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग की है।
सिंघार ने पत्र में कहा कि प्रभावित गांवों में करीब 30 बैगा बच्चों की मृत्यु की सूचना मिली है। पिछले कई महीनों से मलेरिया, खसरा और अन्य संक्रमण के साथ कुपोषण, दूषित पेयजल तथा पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बच्चों की इस तरह मौत को सामान्य घटना नहीं माना जा सकता।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बैगा समुदाय विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) में शामिल है। केंद्र सरकार द्वारा PM-JANMAN के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छ पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में उपचार योग्य बीमारियों से बच्चों की मौत योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजने, बच्चों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य एवं पोषण सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
सिंघार ने प्रशासनिक जवाबदेही तय करने और मध्य प्रदेश सरकार को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रभावी कदम उठाकर बच्चों की जान बचाने के साथ भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जानी चाहिए।