निम्बाहेड़ा। रात के समय आरएसईबी ग्रिड (पावर हाउस) में घुसकर विद्युत ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का कोतवाली निम्बाहेड़ा पुलिस और जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने राजस्थान के चार जिलों और मध्यप्रदेश के एक जिले में स्थित 10 पावर हाउस में ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी करना स्वीकार किया है। मामले में तीन अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है।
रात में पावर हाउस को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि अहिंसा सर्कल स्थित आरएसईबी ग्रिड, निम्बाहेड़ा में करीब 7-8 नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुसे। बदमाश स्टोर के सामने रखे अलग-अलग कंपनियों के विद्युत ट्रांसफार्मरों को उठाकर पीछे झाड़ियों में ले गए। पावर हाउस पर तैनात चौकीदारों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने लाठी और गुलेल से हमला करने के लिए दौड़ाया, जिससे चौकीदार जान बचाकर वहां से भाग गए।
इसके बाद बदमाशों ने तीन ट्रांसफार्मरों से तांबा निकाल लिया। इससे विद्युत निगम को करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ। घटना के संबंध में सहायक अभियंता रविन्द्र कुमार सिंह की रिपोर्ट पर कोतवाली निम्बाहेड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया।
रूट और संदिग्धों की निगरानी से मिला सुराग
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने अलग-अलग गांवों से लेकर हाईवे तक आने-जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध बाइकों की जानकारी जुटाई। इसी तरह की वारदातों में शामिल पुराने आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाला गया और संदिग्धों पर लगातार निगरानी रखी गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच में राजस्थान के साथ मध्यप्रदेश में भी इसी तरह की वारदातों के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने गिरोह को चिन्हित कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य नामजद
पुलिस ने निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है-
मुकेश पुत्र शम्भूनाथ रावलनाथ, उम्र 30 वर्ष, निवासी वडीता, थाना खमेरा, जिला बांसवाड़ा।
राहुल पुत्र मंगला भील, उम्र 23 वर्ष, निवासी देवका, थाना बाजना, जिला रतलाम, हाल बोजुंदा, चित्तौड़गढ़।
शिवा पुत्र पीरू भील, उम्र 20 वर्ष, निवासी मीणों की बावड़ी, निम्बाहेड़ा।
पुलिस के अनुसार चोरी का माल खरीदने वाले सहित तीन अन्य आरोपियों को भी मामले में नामजद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ इसी प्रकार की घटनाओं से संबंधित आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
10 पावर हाउस में चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने निम्न स्थानों पर वारदात करना स्वीकार किया है-
निम्बाहेड़ा: अहिंसा सर्कल स्थित पावर हाउस से 3 ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी।
दलोट, प्रतापगढ़: 8 अगस्त को 13 विद्युत ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी।
बांसवाड़ा: प्रतापगढ़ रोड स्थित पावर हाउस से करीब एक माह पहले 4 ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी।
खेरोदा, उदयपुर: खरसाण स्थित पावर हाउस से करीब 15 दिन पहले 3 ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी।
वल्लभनगर, उदयपुर: 1 सितंबर को 2 ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी।
गंगापुर-पोटला, भीलवाड़ा: करीब तीन माह पहले ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी।
भींडर: करीब छह माह पहले पावर हाउस से तांबा चोरी।
नीमच-छोटी सादड़ी मार्ग: करीब चार माह पहले 2 ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी।
मंगलवाड़ टोल के पास: करीब 20 दिन पहले 2 ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी।
राशमी: गंदर्भ चौराहा, पंचायत समिति के पास ट्रांसफार्मर से तांबा निकालने का प्रयास किया, लेकिन लोगों के जाग जाने से आरोपी सफल नहीं हो सके।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है और मामले का अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका-
कार्रवाई में थानाधिकारी प्रवीण टांक, एएसआई हिम्मत सिंह, साइबर सेल चित्तौड़गढ़ के एएसआई राजकुमार, हेड कांस्टेबल हरविंदर तथा कांस्टेबल प्रमोद, हेमंत और राजूसिंह शामिल रहे।
जिला विशेष टीम (चोरी निरोधक टीम) में प्रभारी जोधाराम, रामावतार, सुनील कुमार, दुर्गेश, हेमराज, मुकेश, पदम कुमार, जोगेंद्र, मनीष कुमार, पुरखराम, साहिल और राकेश शामिल रहे। थाना भोपालसागर से कांस्टेबल रोशन, राजमल और भरत ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।