माउंट आबू। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर माउंट आबू सहित सिरोही जिले में शिक्षक दिवस के आयोजन किए गए। माउंट आबू से करीब 20 किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित सेंट जॉन्स स्कूल में शिक्षक महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय में हर वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी इंटरनेशनल के वर्ष 2027 के लिए घोषित डिस्ट्रिक्ट 3055 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर श्याम कुमार रहे। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और जीवन में गुरु के स्थान के बारे में बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान भी किया गया। उल्लेखनीय है कि सेंट जॉन्स स्कूल के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय के साथ जिले का नाम देश-विदेश में रोशन कर चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान संवाददाता ने मुख्य अतिथि श्याम कुमार सहित विद्यालय के शिक्षकों से विशेष बातचीत भी की।