भोपाल। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता अरुण यादव ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अरुण यादव ने कहा है कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी इंदौर दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से सरकार घबरा गई है। इसी बौखलाहट में NSUI छात्र नेताओं को डराने-धमकाने के लिए प्रदेशभर में झूठे मामले दर्ज कराए जा रहे हैं।
एक्स (X) पर ट्वीट कर सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेसी नेता अरुण यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तीखा पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि जननेता राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले भाजपा सरकार की बौखलाहट साफ नजर आ रही है। यही वजह है कि अब NSUI के छात्र नेताओं की आवाज दबाने के लिए प्रदेशभर में झूठी एफआईआर का खेल शुरू कर दिया गया है।
“NSUI न डरेगी, न झुकेगी”
भाजपा सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए अरुण यादव ने स्पष्ट किया कि सत्ता का दुरुपयोग करके छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, “सत्ता और प्रशासन कान खोलकर सुन लें—NSUI न डरेगी, न झुकेगी और न ही छात्रों की आवाज़ दबने देगी। छात्रों के हक की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता मजबूती से उनके साथ खड़ा है।”