नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिलेभर से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान करीब 59 आवेदक एसपी के समक्ष पहुंचे और अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी व्यास ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की 14 शिकायतों का निराकरण-
शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 14 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया गया। शिकायतकर्ताओं से समन्वय कर उनकी समस्याओं का समाधान किए जाने के बाद संबंधित शिकायतों को बंद कराया गया।
एसपी व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक दिव्या चन्द्रवंशी, जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं प्रभारी अधिकारी, संबंधित शाखा प्रभारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे।