सिंगोली। स्थानीय सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उमंग दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, मानसिक प्रसन्नता एवं जीवन-कौशल विकास के उद्देश्य से विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस विभाग की आरक्षक नंदनी जाटव एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद उमंग एवं उज्ज्वल प्रभारी मैना धाकड़ ने अतिथि का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि आरक्षक नंदनी जाटव ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव और साइबर सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से सतर्कता बरतने तथा साइबर अपराधों से बचने के उपायों को अपनाने का आह्वान किया।
जीवन-कौशल से जुड़ी गतिविधियां आयोजित-
उमंग हेल्थ एंड वेलनेस की विद्यालय प्रभारी हर्षिता पुरोहित ने कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं सामाजिक कौशल का विकास करना है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक मोहनलाल यादव, हितेश लक्षकार एवं आरती शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रभावी संचार, सही निर्णय लेने, भावनाओं को समझने एवं तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी दी। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के लिए कानाफूसी खेल, कहानी-वाचन एवं भूमिका-अभिनय जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर संवाद, सही निर्णय लेने और समस्याओं का सकारात्मक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया गया।
उत्साहपूर्वक सहभागिता करने एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा आरती शर्मा ने तैयार की। मंच संचालन उमेश कुमार धोबी एवं देवेंद्र कुमार ने किया। अंत में शंकरलाल जाट ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। उमंग एंथम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया।