मल्हारगढ़। मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शासन-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के तहत आज अलसुबह संजीत-मंदसौर रोड स्थित नापाखेड़ा चौपाटी पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
मल्हारगढ़ एसडीएम स्वाति तिवारी, एसडीओपी पिंटू बघेल, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, पटवारी सहित राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
प्रशासन के अनुसार, राजस्व विभाग की शासकीय भूमि पर पूर्व में बने सार्वजनिक शौचालय को हटाकर वहां दुकानों का निर्माण किया गया था। इसी मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 5 जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 10 दुकानों के उन बाहरी हिस्सों को हटाया, जो शासकीय भूमि पर निर्मित बताए गए।
कार्रवाई के दौरान लगभग 60 लाख रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन की यह कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल नापाखेड़ा चौपाटी पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।