भैसोदामंडी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत भानपुरा थाना पुलिस ने गुमशुदा 13 वर्षीय नाबालिग बालक को महज 11 घंटे में सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बालक की तलाश में 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी एवं सूचना तंत्र का उपयोग किया।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 की रात फरियादी ने अपने नाबालिग बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना भानपुरा में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
40 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली-
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनय बुन्देला ने भैसोदामंडी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को तलाश के लिए रवाना किया। टीम ने घटनास्थल एवं संभावित स्थानों पर तलाश के साथ विश्वसनीय मुखबिरों से सूचना जुटाई।
पुलिस टीम ने 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर तकनीकी एवं व्यवसायिक कौशल का उपयोग किया। लगातार प्रयासों के बाद नाबालिग बालक को राजस्थान के भवानीमंडी बॉर्डर क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। इसके बाद उसे माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला, चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव, उप निरीक्षक ओंकार सिंह ठाकुर एवं आरक्षक बहादुर भुरिया का सराहनीय योगदान रहा।