उज्जैन। खड़े हनुमान मंदिर में प्रतिमा हटाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच बुधवार को प्रसिद्ध संत बम बम भोला मंदिर पहुंचे। संत ने हनुमान जी के दर्शन कर हनुमान चालीसा का पाठ किया और कहा कि धर्म की तुलना विज्ञान और विकास से नहीं की जानी चाहिए। धर्म समाज की नींव है और इसके साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।
संत बम बम भोला ने कहा कि आधुनिक विकास मॉडल में सनातन धर्म और उसकी परंपराओं के लिए जगह कम होती जा रही है। आज एआई और ड्रोन का दौर है, लेकिन हनुमान जी इन सबसे ऊपर हैं और आधुनिक पीढ़ी के लिए सनातन परंपरा के आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा यहीं रहनी चाहिए।
मीडिया से चर्चा के दौरान संत ने कहा कि यह विज्ञान और धर्म की लड़ाई नहीं, बल्कि इतिहास और संस्कारों को बचाने का विषय है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के विकास के बीच अपनी मूल जड़ों और धार्मिक परंपराओं को नहीं भूलना चाहिए।
इसी दौरान उन्होंने खड़े हनुमान मंदिर के सामने स्थित शाही मस्जिद को अतिक्रमण बताते हुए इसे हटाने की मांग भी रखी। उन्होंने मुस्लिम समाज से भाईचारे का परिचय देते हुए इस संबंध में आगे आने की अपील की। फिलहाल खड़े हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए लगातार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और प्रतिमा को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।