रामपुरा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत- 100 सप्ताह संकल्प अभियान’ के तहत देशभर के चयनित 200 संस्थानों में शामिल शासकीय महाविद्यालय रामपुरा में 25 सितंबर 2026 को ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’ विषय पर विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शासकीय चिकित्सालय रामपुरा से चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष सोनी, सुपरवाइजर कन्हैयालाल वप्ता, उमंग काउंसलर आशा पाटीदार, लैब तकनीशियन खुशबू सोलंकी एवं रुचिका प्रजापत ने युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश-
कार्यक्रम के दौरान पोषण, उत्तम स्वास्थ्य और स्वास्थ्य पर नशे के दुष्प्रभाव विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने किशोरावस्था को जीवन का महत्वपूर्ण चरण बताते हुए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और नशे से पूरी तरह दूर रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि नशे का सेवन शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ युवाओं के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर डाल सकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर युवाओं को अपनी सेहत के प्रति सजग बनाने के साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भरत कुमार धनगर ने कहा कि युवाओं का स्वास्थ्य राष्ट्र की महत्वपूर्ण पूंजी है। ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’ शिविर का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य मनोहरलाल देवड़ा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ उछाना सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य, विद्यार्थी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।