चित्तौड़गढ़। अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार रात चित्तौड़गढ़ शहर में गणपति विसर्जन को लेकर उत्सव का माहौल रहा। शाम ढलते ही गणेश प्रतिमाओं के साथ झांकियां निकलने लगीं और श्रद्धालुओं की भीड़ से शहर की सड़कें भर गईं। गांधी चौक से गोल प्याऊ तक गणपति भक्तों का सैलाब नजर आया। डीजे की धुन पर युवा और श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़े, वहीं परिवारों के साथ लोग झांकियां देखने के लिए देर रात तक सड़कों पर मौजूद रहे। रात से शुरू हुआ विसर्जन का सिलसिला शनिवार सुबह करीब 4 बजे तक चला। इसके बाद गणेश प्रतिमाओं को सुभाष चौक पर एकत्रित कर विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की गई।
शाम से ही सड़कों पर उमड़ी भीड़-
विसर्जन यात्रा शुरू होते ही शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। अलग-अलग क्षेत्रों से निकली झांकियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कई स्थानों पर लोग परिवार के साथ सड़क किनारे खड़े होकर झांकियां देखते रहे। बच्चों में भी खासा उत्साह नजर आया। युवा डीजे की धुन पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से मार्ग गूंजता रहा। झांकियों के आगे-पीछे श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं। कई लोगों ने झांकियों के साथ सेल्फी लेकर आयोजन के यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।
अखाड़ों के करतब बने आकर्षण-
विसर्जन यात्रा में अखाड़ों के प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहे। पहलवानों ने लाठी, तलवार सहित विभिन्न पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया। कलाकारों के कौशल को देखने के लिए लोग जगह-जगह रुकते नजर आए और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लोगों ने अखाड़ों के प्रदर्शन का आनंद लिया। भीड़ के बीच इन प्रस्तुतियों ने विसर्जन यात्रा के माहौल को और जीवंत बना दिया।
हनुमान चालीसा शुरू होते ही थम गया डीजे-
विसर्जन यात्रा के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब डीजे पर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया गया। इसके साथ ही डीजे बंद कर दिए गए। नाचते-गाते आगे बढ़ रहे श्रद्धालु कुछ देर के लिए रुक गए और बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद विसर्जन यात्रा फिर आगे बढ़ी।
भीड़ वाले स्थानों पर तैनात रहा अतिरिक्त पुलिस बल-
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे विसर्जन मार्ग पर पुलिस बल के साथ क्यूआरटी टीम तैनात रही। प्रमुख चौराहों और भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव, एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा, एडीएम दिलीप सिंह, तहसीलदार विपिन सिंह, डिप्टी बृजेश सिंह और सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
विसर्जन यात्रा के दौरान कुछ लोगों द्वारा भीड़ के बीच पटाखे चलाने पर एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा मौके पर पहुंचे और पटाखे जब्त किए। उन्होंने लोगों को समझाया कि भीड़ के बीच पटाखे चलाने से दुर्घटना हो सकती है। इसके बाद लोगों ने सहयोग करते हुए पटाखे चलाना बंद कर दिया।
लड्डू प्रसाद के लिए उमड़ी भीड़-
विसर्जन के दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की ओर से श्रद्धालुओं को लड्डू प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान नव नियुक्त नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी भी मौके पर मौजूद रहे।