खरगोन। सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड 15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को प्रसव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, शिशु पोषण और स्वास्थ्य देखभाल की जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर ने बताया कि शिशु शिक्षा के साथ शिशु पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान महिलाओं को लाड़ली लक्ष्मी, सुकन्या समृद्धि और लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र महिलाओं से लाभ लेने की अपील की गई।
कार्यक्रम में पार्षद शकील खान और पार्षद प्रतिनिधि अल्ताफ मौजूद रहे। पार्षद खान ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों को पोषण एवं अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ पात्र परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सहायिका नीलोफर खान ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ में कई महिलाओं ने अपनी ‘सेवा की कहानी’ साझा की। महिलाओं ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी और सहयोग के कारण वे विभिन्न योजनाओं से जुड़ सकीं। योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता बच्चों के पालन-पोषण और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है। महिलाओं को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में भी सहयोग किया गया।