खरगोन। शहर के बिस्टान रोड पर शनिवार सुबह बिजली के टूटे तारों की चपेट में आने से दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गौरक्षकों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। मृत गायों के शव कसरावद रोड स्थित अधीक्षण यंत्री कार्यालय के सामने हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया गया।
गौरक्षकों का आरोप है कि बिस्टान रोड पर बिजली का तार टूटने की सूचना शुक्रवार रात ही विभाग को दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद बिजली सप्लाई बंद नहीं की गई और न ही टूटे तार की मरम्मत कराई गई। उनका कहना है कि इससे पहले भी करंट की चपेट में आने से पशुओं की मौत की घटनाएं हो चुकी हैं। जून में मांगरूल रोड पर एक नंदी की मौत हुई थी, जबकि 4 अगस्त को मुसेखा रोड पर भी एक गाय करंट की चपेट में आ गई थी।
प्रदर्शन के चलते चित्तौड़गढ़-भुसावल हाईवे पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान उपज लेकर जा रहे कई किसान भी जाम में फंस गए, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों और किसानों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समझाइश देकर मामला शांत कराया।