माउंट आबू। राजस्थान के उदयपुर की 28 वर्षीय डॉ. मनस्वी अग्रवाल ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। महज 9 महीनों में दुनिया के 5 महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराकर वे देश की सबसे तेज महिला पर्वतारोहियों में शामिल हो गई हैं। माउंट एवरेस्ट से लेकर अंटार्कटिका के माउंट विन्सन मैसिफ तक फतह करने वाली मनस्वी राजस्थान की पहली नागरिक बनी हैं।
डॉ. मनस्वी ने माउंट आबू स्थित स्वामी विवेकानंद पर्वतारोहण संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त किया था। संस्थान पहुंचने पर उन्होंने प्राचार्य राजल पटेल सहित सभी का आभार जताया। इस दौरान उनका स्वागत किया गया।
एवरेस्ट पर गंवाईं पैरों की 6 उंगलियां, फिर भी नहीं टूटा हौसला
मनस्वी की पर्वतारोहण यात्रा चुनौतियों से भरी रही। माउंट एवरेस्ट से उतरते समय गंभीर फ्रॉस्टबाइट के कारण उन्हें अपने दोनों पैरों की 6 उंगलियां गंवानी पड़ीं। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पर्वतारोहण का सफर जारी रखा। माउंट विन्सन मैसिफ पर तिरंगा फहराकर उन्होंने राजस्थान का नाम रोशन किया।
पढ़ाई और खेलों में भी बनाई पहचान
डॉ. मनस्वी ने खनन एवं पर्यावरण कानून में पीएचडी हासिल की है। इसके अलावा वे 10 मीटर राइफल शूटिंग और हॉर्स राइडिंग में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनकी उपलब्धि और संघर्ष आज युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गए हैं।