सरवानिया महाराज। भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी (अनंत चतुर्दशी) के पावन पर्व पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री शिव नवयुवक मंडल के तत्वावधान में नगर के प्राचीन शिव मंदिर से भव्य शिव बारात निकाली गई। बारात में भगवान भोलेनाथ के स्वरूप के साथ नंदी महाराज, भूत-प्रेतों की डोली और विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल रहीं।
ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय जयघोष के बीच निकली शिव बारात से पूरा नगर शिवमय नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी बारात में शामिल हुए। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से नगर की गलियां गूंज उठीं। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शिव बारात का स्वागत किया।
बारात में भूतों की डोली और नंदी महाराज की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों और झांकियों को देखने के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्री शिव नवयुवक मंडल के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई शिव बारात से नगर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।