बड़वानी। संयुक्त बालिका छात्रावास की छात्राओं ने पानी और भोजन की कमी के खिलाफ कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च किया। उन्होंने खराब व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। छात्राओं ने बताया कि छात्रावास में पानी की बड़ी दिक्कत है। ट्यूबवेल और नल दिन में सिर्फ आधा से एक घंटा चलते हैं, जिससे 150 छात्राओं के लिए पीने के पानी की कमी होती है। वाटर कूलर, गीजर और सैनेटरी पैड वेंडिंग मशीन बंद हैं। मेन्यू के हिसाब से खाना नहीं मिलता, सब्जियों में कीड़े निकलते हैं। खराब भोजन से दो सिकलसेल पीड़ित छात्राएं अस्पताल में भर्ती हैं।
प्रदर्शन के बाद सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रंजना सिंह ने छात्राओं से बात कर समस्याओं को हल करने का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि 2023 में बने इस छात्रावास भवन में निर्माण संबंधी खामियां हैं। नल कनेक्शन के लिए नगरपालिका में अर्जी दी गई है; तब तक टैंकर से पानी का इंतजाम होगा। भवन की खामियों के लिए पीआईयू को चिट्ठी लिखी जाएगी।