छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित न्यू कॉलोनी में संचालित वन स्टॉप सेंटर में एक नाबालिग युवती के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सेंटर में साथ रह रही अन्य युवतियों पर मारपीट करने और आपत्तिजनक तरीके से चोट पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। घटना में युवती की आंख और पेट पर चोट के निशान बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के बाद देर रात युवती के साथ कई बार मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे सुबह अस्पताल भेजा गया। मामले की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सेंटर में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में दो अलग-अलग थ्प्त् दर्ज की हैं। मारपीट और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत चार नाबालिग युवतियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक नेहा जैन ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि नाबालिग पीड़िता की रिपोर्ट पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद वन स्टॉप सेंटर में नाबालिगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में किसकी क्या भूमिका रही और सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही हुई या नहीं।