नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक-6 स्थित मांगलिक भवन, इंदिरा नगर में आंगन मिलन सेवा का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में आयोजित पोषण प्रदर्शनी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों को प्रदर्शित किया। अमेरिकन भुट्टे के रोस्टेड व्यंजन, बेसन के लड्डू, अंकुरित चने, मूंग-परमल के लड्डू, भुट्टे की खीर, अंकुरित अनाज की चाट, मूंगफली एवं तिल की चक्की, मुनगा के पराठे, भुट्टे की भुजिया, पौष्टिक खिचड़ी, सोया पुलाव, तिरंगा इडली, मूंगफली की बर्फी, सूरजना के पराठे तथा गेहूं-चना सत्तू प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण रहे।
स्थानीय खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन बनाने की जानकारी-
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अतिथियों को व्यंजनों को तैयार करने की विधि एवं उनमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध मोटे अनाज, दाल, अंकुरित अनाज, हरी सब्जियां, तिल, मूंगफली सहित अन्य खाद्य सामग्री का उपयोग कर स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं।
मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, पार्षद धारासिंह यादव, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल एवं अन्य अतिथियों ने पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अतिथियों ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।
प्रदर्शनी के माध्यम से पोषणयुक्त आहार को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ एवं सुपोषित परिवारों के निर्माण का संदेश दिया गया।