खरगोन। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। कसरावद नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा और आंधी के साथ करीब एक घंटे तक लगातार बारिश हुई। अचानक आई तेज बारिश और हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं खेतों में खड़ी कपास और सोयाबीन की फसलों को भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर मकानों और दुकानों पर लगी चद्दर एवं टीन शेड उड़ने की जानकारी सामने आई है। कुछ स्थानों पर हवा के कारण अन्य सामान भी अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के कारण सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों के अनुसार इस समय खेतों में कपास और सोयाबीन की फसल खड़ी है। तेज हवा और बारिश से फसलों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन राजस्व एवं कृषि विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराकर फसलों एवं संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जाए।