नीमच। लाड़ली बहना योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता का सदुपयोग कर नीमच सिटी निवासी संगीता राठौर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने योजना से मिली राशि को नियमित रूप से बचाकर स्कूटी खरीदी। अब यही स्कूटी उनके गृह उद्योग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
संगीता राठौर हल्दी, मिर्ची और धनिया की पैकेजिंग का गृह उद्योग संचालित करती हैं। ग्राहकों से प्राप्त ऑर्डर के अनुसार वे मसालों की पैकेजिंग कर तैयार उत्पाद समय पर पहुंचाती हैं। स्कूटी मिलने से उन्हें मसालों के लिए आवश्यक सामग्री लाने, तैयार उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचाने और ऑर्डर समय पर पूरा करने में सुविधा हो रही है।
संगीता बताती हैं कि लाड़ली बहना योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता को उन्होंने नियमित रूप से बचाया और इसी बचत से स्कूटी खरीदी। उनके लिए स्कूटी केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि गृह उद्योग को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने और काम का विस्तार करने का माध्यम बन गई है।
वे कहती हैं कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी जरूरतों के संबंध में स्वयं निर्णय लेने और अपने व्यवसाय को मजबूत करने का आत्मविश्वास दिया है। आज वे अपने गृह उद्योग के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
संगीता राठौर ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।