नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुकड़ेश्वर एवं परियोजना जावद क्षेत्र के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, माताओं एवं हितग्राहियों ने सहभागिता की।
कुकड़ेश्वर में जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता-
कुकड़ेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका मनासा अध्यक्ष सीमा अजय तिवारी, नगर पालिका कुकड़ेश्वर अध्यक्ष उर्मिला पटवा, उपाध्यक्ष सोनाली उज्जवल पटवा, रामपुरा परियोजना अधिकारी दीपमाला चौधरी, मनासा परियोजना अधिकारी किरण कामदार, सेक्टर सुपरवाइजर चंदा दाहिना, ब्लॉक समन्वयक राजीव प्रसाद, ईश्वरलाल मौर्य सहित विभागीय टीम उपस्थित रही।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही माताओं एवं हितग्राहियों से पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा बच्चों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया।
जावद में पौधारोपण और स्वास्थ्य जांच-
परियोजना जावद के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें बच्चों की गतिविधियों के साथ पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच तथा स्वच्छता एवं पोषण-स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम शामिल रहे।
इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के उत्कृष्ट कार्य के लिए उनका सम्मान किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सहभागिता की। उन्होंने पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बाल विकास से जुड़े प्रयासों में जनभागीदारी बढ़ाने तथा सेवा एवं समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।