भोपाल। यूजीसी के वर्ष 2026 के नए प्रावधानों के विरोध में सवर्ण समाज ने शनिवार को भोपाल में आंदोलन की शुरुआत की। समाज की ओर से माता मंदिर स्थित प्लेटिनम प्लाजा से राजभवन तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के नए प्रावधानों को वापस लेने, आरक्षण आर्थिक आधार पर लागू करने और एससी-एसटी एक्ट में कार्रवाई से पहले जांच किए जाने की मांग उठाई।
सवर्ण समाज से कृष्णा बुंदेला ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छोटे-छोटे कार्यक्रम हो रहे थे, लेकिन राजधानी भोपाल से आंदोलन का औपचारिक आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन दिल्ली जाने की शुरुआत है। उनके मुताबिक, 2012 के यूजीसी एक्ट में बदलाव कर 2026 में जो नए प्रावधान लाए गए हैं, उनसे सवर्ण समाज के बच्चों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
बुंदेला ने कहा कि “सवर्ण समाज का बच्चा जाएगा कहां? अपने बच्चों की रक्षा के लिए हमें ही मैदान में आना पड़ेगा।” उन्होंने सरकार से ऐसे कानून नहीं बनाने की अपील की, जिनसे देश की एकता-अखंडता और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि आंदोलन को आगे दिल्ली तक ले जाने की तैयारी है।