निंबाहेड़ा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय काननखेड़ा, भोपालसागर में आयोजित 14 आयु वर्ग छात्र-छात्रा की 70वीं जिला स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में श्रीराम स्केटिंग क्लब निंबाहेड़ा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर क्लब के 12 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
प्रतियोगिता में रिंक रेस से लेकर रोड रेस तक खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। श्रीराम स्केटिंग क्लब के खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करते हुए निंबाहेड़ा का नाम रोशन किया।
इनलाइन वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक-
क्लब के कोच निर्मल सोनी ने बताया कि इनलाइन वर्ग में ऐश्वर्या दधीच ने 500 मीटर, 1000 मीटर रिंक रेस और 1 लैप रोड रेस में स्वर्ण पदक हासिल किए। रुद्राक्षी ने 500 मीटर रिंक रेस, 1 लैप और 2000 मीटर रोड रेस में स्वर्ण पदक जीते।
प्रिंस हाड़के ने 2000 मीटर रोड रेस में स्वर्ण तथा 1 लैप और 500 मीटर रेस में रजत पदक प्राप्त किया। अशरा खान ने 2000 मीटर रोड रेस में रजत और 1000 मीटर रेस में कांस्य पदक हासिल किया। आरव भराड़िया ने 1 लैप रेस में कांस्य पदक जीता।
क्वॉड कैटेगरी में भी शानदार प्रदर्शन-
क्वॉड कैटेगरी में साकेत गर्ग ने 2000 मीटर रोड रेस और 500 मीटर रिंक रेस में स्वर्ण पदक हासिल किए। हीतिशा सुथार ने 500 मीटर और 1000 मीटर रिंक रेस में स्वर्ण पदक जीते। शौर्य मीणा ने 2000 मीटर रोड रेस में रजत, गीतांश गर्ग ने 1000 मीटर रिंक रेस में रजत और मुआज मंसूरी ने 500 मीटर रिंक रेस में कांस्य पदक प्राप्त किया।
भीलवाड़ा में राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा-
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित 14 आयु वर्ग के खिलाड़ी 1 से 7 अक्टूबर तक भीलवाड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ी नियमित अभ्यास में जुटे हैं।
17 एवं 19 आयु वर्ग में भी क्लब का दबदबा-
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, निंबाहेड़ा में आयोजित 17 एवं 19 आयु वर्ग छात्र-छात्रा की 70वीं जिला स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में भी श्रीराम स्केटिंग क्लब के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल किए।
इनलाइन वर्ग में नैनीश सिंघवी ने 500 मीटर रिंक रेस, 1 लैप और 3000 मीटर रोड रेस में स्वर्ण पदक जीते। अभिनव धाकड़ ने 500 मीटर एवं 1000 मीटर रेस में रजत तथा 2 लैप रोड रेस में कांस्य पदक हासिल किया।
क्वॉड कैटेगरी में देव चौधरी ने 1000 मीटर रिंक रेस और 3000 मीटर रोड रेस में स्वर्ण पदक प्राप्त किए। आगम ढेलावत ने 500 मीटर रिंक रेस में स्वर्ण और 3000 मीटर रोड रेस में रजत पदक जीता। रौनक मूंदड़ा ने 500 मीटर एवं 1000 मीटर रिंक रेस में रजत पदक हासिल किए।
17 एवं 19 आयु वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भी 1 से 7 अक्टूबर तक जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
निरंतर अभ्यास और अनुशासन को बताया सफलता का आधार-
कोच निर्मल सोनी ने सभी पदक विजेता एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रोलर स्केटिंग में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, शारीरिक फिटनेस, गति, संतुलन, तकनीकी दक्षता और अनुशासन जरूरी है। खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और नियमित प्रशिक्षण के दम पर जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर अभिभावकों, खेलप्रेमियों और क्लब परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।