चित्तौड़गढ़। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत आयोजित शिविरों एवं सेवा सेतु सप्ताह के दौरान ग्रामीणों और किसानों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ पात्रतानुसार सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ मौके पर दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से प्रशासन और विभागीय अधिकारी आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए सरकारी योजनाओं की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित कर रहे हैं।
प्राकृतिक खेती अपनाकर गीता बाई बनीं प्रेरणास्रोत-
बानसेन निवासी गीता बाई पत्नी कमलेश जाट ने कृषि विभाग के मार्गदर्शन में प्राकृतिक खेती अपनाकर टिकाऊ एवं प्राकृतिक संसाधन आधारित कृषि की दिशा में कदम बढ़ाया है। कृषि विभाग की ओर से उन्हें प्राकृतिक खेती के लिए 4 हजार रुपए की सहायता उपलब्ध कराई गई।
विभागीय अधिकारियों ने उन्हें प्राकृतिक खेती की तकनीकों, प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग तथा जैविक एवं प्राकृतिक आदानों के महत्व की जानकारी दी। सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन से प्रोत्साहित होकर गीता बाई प्राकृतिक खेती को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने अन्य किसानों से भी प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।
मूंग मिनीकिट से दलहन उत्पादन को बढ़ावा-
‘दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन’ के तहत ग्राम गाडरियावास, ग्राम पंचायत घोसुंडा निवासी पारसी पत्नी नंदराम गाडरी को मूंग का मिनीकिट उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए उन्नत बीज का तकनीकी सलाह के अनुसार उपयोग किया और फसल की समय-समय पर देखभाल की। मूंग मिनीकिट के माध्यम से उन्हें उन्नत बीज एवं नई कृषि तकनीक अपनाने का अवसर मिला। इससे दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल हुई।
योजनाओं की जानकारी से बढ़ी किसानों की जागरूकता-
अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु सप्ताह में कृषि विभाग ने किसानों एवं ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को उन्नत बीज, कृषि यंत्र एवं उपकरणों पर अनुदान, सिंचाई सुविधाएं, ड्रिप एवं ट्यूबवेल, फसल विविधीकरण, दलहन-तिलहन प्रोत्साहन, कृषि आदान, कृषि यंत्रीकरण, किसान पंजीयन सहित अन्य योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
किसानों ने अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक समाधान एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी मिली।
घरेलू विद्युत कनेक्शन से रोशन हुआ बसंती लाल का घर-
गिरदावर सर्कल खोड़ीप में आयोजित विकसित भारत जन सेवा शिविर में ग्राम नन्नाना निवासी बसंती लाल पुत्र काशीराम मेघवाल ने घरेलू विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। पूर्व में विद्युत कनेक्शन नहीं होने के कारण उनके परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिविर में प्रकरण प्रस्तुत होने के बाद संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें घरेलू विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया। कनेक्शन मिलने से परिवार के घर में बिजली पहुंची और शिविर के माध्यम से त्वरित सेवा उपलब्ध कराने का उद्देश्य पूरा हुआ।
शिविर में मौके पर मिला जन्म प्रमाण-पत्र
ग्राम पंचायत बोरदा, पंचायत समिति गंगरार में 27 सितंबर को आयोजित ब्लॉक स्तरीय विकसित भारत जन सेवा अभियान शिविर में शिवम लोहार अपने परिजनों के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक दस्तावेजों का मौके पर सत्यापन किया।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिवम लोहार को मौके पर ही जन्म प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया गया। ऑन-द-स्पॉट सेवा मिलने से परिवार को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।