चित्तौड़गढ़। विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के क्रम में शनिवार को शहर के आंगनबाड़ी केन्द्र भोईखेड़ा-36 (तृतीय) पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद सी.पी. जोशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। सांसद सी.पी. जोशी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों, माताओं एवं महिलाओं के पोषण तथा स्वास्थ्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पित कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान-
नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी, पूर्व प्रधान देवेंद्र कुंवर, मिठूलाल जाट, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेशमा कहार, मधु छिपा एवं रीना शर्मा तथा सहायिकाओं रतन, मधुबाला एवं कंचन का पौधा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का फ्रेम भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में बालिका जन्मोत्सव के तहत केक काटकर बालिकाओं का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। वीणा दशोरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वाचन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान एवं प्रेरणा का वातावरण बना रहा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक रुचि भुक्कल ने जिले में आयोजित किए जा रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
गोदभराई, अन्नप्राशन और प्रवेशोत्सव की गतिविधियां-
कार्यक्रम में चंदनबाला, भारती वैष्णव, भगवती आचार्य एवं संतोष कुम्हार तथा महिला पर्यवेक्षक किरण शर्मा, रजनी जैन, संपत शर्मा, चौताली जैन, समता भटनागर, शिला चौधरी एवं पूजा साहू ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन एवं प्रवेशोत्सव जैसी गतिविधियां संपन्न कराईं।
बच्चों एवं मातृशक्ति की सहभागिता से विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान पोषण, स्वास्थ्य एवं बालिका शिक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।