नीमच। पुलिस मुख्यालय (पीटीआरआई) भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नीमच जिले में भी पुलिस द्वारा अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष यातायात चेकिंग की जाएगी। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
नियम तोड़ने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई-
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना सीटबेल्ट चार पहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। चार पहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों को सीटबेल्ट लगाना अनिवार्य होगा।
नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील-
यातायात पुलिस नीमच ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाएं। चार पहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्री सीटबेल्ट का उपयोग करें। साथ ही शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाएं।
पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।