भगवानपुरा। इंदौर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, इंदौर द्वारा जिला संघ खरगोन के माध्यम से राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (छच्क्क्) योजनांतर्गत स्वच्छ एवं शुद्ध दूध उत्पादन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्राम पंचायत भगवानपुरा के सभागृह में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में क्षेत्र के लगभग 98 दुग्ध उत्पादक किसानों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में दुग्ध सहकारी संघ मर्यादित, खरगोन के नोडल अधिकारी डी.पी. त्यागी, जिला सहकारी संघ मर्यादित, खरगोन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओंकार यादव, दुग्ध संघ के सुपरवाइजर शिवराम पाटीदार, बी-पेक्स संस्था भगवानपुरा के संस्था प्रबंधक गौतम लाड़ एवं ग्राम पंचायत भगवानपुरा के सरपंच ज्ञानसिंग डाबर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओंकार यादव ने सहकारी संस्थाओं में सदस्यों की सदस्यता संबंधी योग्यता-अयोग्यता, अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सक्रिय सदस्य के रूप में संस्था की गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने तथा अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का आग्रह किया।
मुख्य वक्ता नोडल अधिकारी डी.पी. त्यागी ने स्वच्छ दूध उत्पादन के साथ उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन, संतुलित पशु आहार, पशुओं की स्वच्छता एवं देखभाल तथा बीमार एवं अनुपयोगी पशुओं की छंटनी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने दुग्ध व्यवसाय को आय का बेहतर माध्यम बनाने के साथ शासन की प्रचलित योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी।
बी-पेक्स संस्था भगवानपुरा के संस्था प्रबंधक गौतम लाड़ ने किसानों का आभार व्यक्त करते हुए पशुधन की उचित देखभाल कर अतिरिक्त आय सृजन के रूप में पशुपालन को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्था द्वारा दुग्ध उत्पादक किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। संस्था द्वारा पशुपालकों को बिना ब्याज के 60 हजार रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी पर किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की। प्रशिक्षण के अंत में किसानों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर फीडबैक लिया गया।