खरगोन। जिले के महेश्वर थाना अंतर्गत गुजरी चौकी क्षेत्र में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के नए बायपास रोड पर रविवार रात 10 बजे के लगभग अज्ञात बदमाशों द्वारा राहगीर वाहनों पर पथराव किए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन चार पहिया वाहनों को निशाना बनाकर पथराव किया गया, जिससे वाहनों के कांच टूट गए। कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की भी सूचना है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुंह पर कपड़ा बांधे कुछ अज्ञात बदमाश सड़क किनारे से वाहनों पर पत्थर फेंक रहे थे। घटना के बाद कई वाहन चालक शिकायत लेकर काकड़दा पुलिस चौकी पहुंचे।
घटना के बाद हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों में दहशत का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पथराव करने वाले बदमाश कौन हैं और घटना के पीछे क्या कारण है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।