नीमच। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) जिले के छोटे उद्यमियों के लिए स्वरोजगार और व्यवसाय विस्तार का माध्यम बन रही है। योजना से लाभान्वित ग्राम धनेरिया, विकासखंड नीमच निवासी रोशन अजमेरा ने योजना का लाभ लेकर ऑयल मिल शुरू की। इससे उनके व्यवसाय का विस्तार हुआ और वार्षिक आय में भी वृद्धि हुई।
रोशन अजमेरा कृषि एवं डेयरी व्यवसाय से जुड़े हैं। उद्यानिकी विभाग से पीएमएफएमई योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए ऑयल मिल स्थापित करने का निर्णय लिया। योजना के तहत उन्हें 22 लाख 50 हजार रुपए का ऋण तथा 8 लाख 83 हजार 937 रुपए का अनुदान मिला। वित्तीय सहायता के माध्यम से उन्होंने ऑयल मिल का संचालन शुरू किया।
80 हजार से बढ़कर 2-3 लाख रुपए हुई वार्षिक आय-
रोशन अजमेरा के अनुसार, ऑयल मिल शुरू होने से उन्हें व्यवसाय विस्तार का अवसर मिला। पहले उनकी वार्षिक आय करीब 80 हजार से 1 लाख रुपए थी, जो अब बढ़कर लगभग 2 से 3 लाख रुपए हो गई है।
आय में वृद्धि से वे परिवार की आवश्यकताओं को पहले की तुलना में बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहे हैं। बच्चों की शिक्षा और अन्य घरेलू खर्चों में भी उन्हें सुविधा मिली है। बढ़ती आय से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।
योजना से मिला व्यवसाय को विस्तार का अवसर-
अजमेरा ने बताया कि पीएमएफएमई योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन से उन्हें अपना उद्यम शुरू करने और व्यवसाय को विस्तार देने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि योजना के सहयोग से वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
रोशन अजमेरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से छोटे उद्यमियों को व्यवसाय बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं। पीएमएफएमई योजना ने उन्हें अपने व्यवसाय को नई दिशा देने में सहायता प्रदान की है।