नीमच। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में ‘सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार’ एवं ‘जनविश्वास अभियान 2026’ के तहत नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराने के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उपखंड नीमच अंतर्गत 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक ग्रामीण क्षेत्र स्तरीय शिविर सामुदायिक भवन, नगर परिषद जीरन में आयोजित होगा। वहीं 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नगरीय क्षेत्र स्तरीय शिविर नगर पालिका परिषद नीमच में लगाया जाएगा।
मौके पर मिलेंगी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं-
शिविरों में राजस्व सहित विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ विभिन्न नागरिक सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा योजनाओं की प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने की अपील की गई है।