शाजापुर। मध्यप्रदेश राशन विक्रेता संघ ने पांच मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी है कि 30 सितंबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 1 से 7 अक्टूबर तक प्रदेश की 28 हजार राशन दुकानें बंद रहेंगी।
महंगाई के बीच कमीशन बढ़ाने की मांग
स्व-सहायता समूह राशन विक्रेताओं का कहना है कि महंगाई बढ़ने के बावजूद उन्हें दूसरे राज्यों की तुलना में कम कमीशन मिल रहा है। संघ ने कमीशन बढ़ाकर 200 रुपए प्रति क्विंटल करने और राशन विक्रेताओं की मासिक आय 40 हजार रुपए तय करने की मांग की है।
तौल-परिवहन नुकसान में छूट मांगी
संघ की अन्य मांगों में तौल और परिवहन के दौरान होने वाले नुकसान पर प्रति क्विंटल एक किलोग्राम की छूट देना और हर महीने की 5 तारीख तक कमीशन का भुगतान करना शामिल है।
कई बार सरकार को बता चुके मांगें
संघ ने कहा कि इन मांगों को लेकर सरकार को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं होने के कारण अब आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन की प्रतियां उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को भी भेजी गई हैं।
संघ ने स्पष्ट किया है कि 30 सितंबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक राशन दुकानें बंद रखकर हड़ताल की जाएगी।