खरगोन। जिले में मिर्ची की फसल खराब होने से परेशान किसानों ने सोमवार को खंडवा रोड स्थित उद्यानिकी विभाग के जिला कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए खराब हुई फसल का सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
किसानों का कहना है कि ग्राम दुर्गापुरा सहित जामन्या, गोवाड़ी, मुलहान तथा अन्य गांवों में मिर्ची की फसल में पीलेपन, अफलन और बीमारी की समस्या सामने आई है। किसानों के अनुसार कई क्षेत्रों में फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने उद्यानिकी विभाग से जिले में बिकने वाले मिर्ची के बीज और पौधों की कंपनियों, नर्सरियों एवं पॉलीहाउसों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने पूछा कि जिले में कितने प्रकार के बीज और पौधे बेचे गए, कितने एकड़ में मिर्ची की फसल लगाई गई तथा कितने क्षेत्रों में फसल खराब होने के बाद सर्वे किया गया।
किसानों ने यह भी जानकारी मांगी कि जिले की नर्सरियों और पॉलीहाउसों से कितनी मात्रा में मिर्ची के पौधे, बीज और पैकेट बेचे गए। इसके अलावा टमाटर, खीरा, तरबूज, पपीता और केला आदि फसलों के बीज एवं पौधे किन-किन कंपनियों से किसानों को उपलब्ध कराए गए, इसकी भी जानकारी मांगी गई। राष्ट्रीय किसान मजदुर महासंघ संगठन मंत्री गोपाल पाटीदार ने आरोप लगाया कि उद्यानिकी विभाग और जिला पंचायत से संबंधित योजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं तथा फर्जी ऋण की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
किसानों ने खराब फसल का शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।