चित्तौड़गढ़। आई.पी.एस. मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से स्व. महेंद्र कपूर की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर शनिवार को श्रीनाथ गार्डन में पुराने फिल्मी पार्श्व गीतों से सजी संगीतमय शाम का आयोजन किया गया। कलाकारों की दिलकश प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि मौजूद श्रोता हर गीत पर तालियां बजाने को मजबूर हो गए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और स्व. महेंद्र कपूर के चित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद सतीश नागराले ने ‘चलो बुलाया माता ने बुलाया’ गीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम का आगाज किया।
समारोह में मुख्य अतिथि इनाणी मार्बल के निदेशक हरीश इनाणी और कार्यक्रम अध्यक्ष संस्कार द स्कूल के निदेशक तिलक काबरा रहे। संस्थान के संस्थापक विजय मलकानी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ. योगेश चंद्र व्यास, शीतल काबरा, गोपाल चतुर्वेदी, फुलवंत सिंह सलूजा, ऋषि राघवम, वरिष्ठ पत्रकार भजन जिज्ञासु, राकेश पटवारी, अनिल सक्सेना, अमित चेचानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संगीत संध्या में विजय मलकानी, सी.एल. भंडारकर, दीपक नागराले, गिरिराज पुरी गोस्वामी, राजेश व्यास, नवनीत जैन, जगदीश बैरागी, सतीश सेन, परविंदर कौर, भारती गहलोत, कल्पना गहलोत, कुलवंत कौर, ममता राघवम और कृष्णा कलवार ने विभिन्न पुराने मधुर गीतों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों का श्रोताओं ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
संस्थान के संस्थापक विजय मलकानी द्वारा स्व. महेंद्र कपूर के 10 सुपरहिट गीतों की पैरोडी भी प्रस्तुत की गई, जो कार्यक्रम के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। संगीत का आनंद लेने के लिए सैनिक स्कूल, बिरला एवं जिंक कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रोता पहुंचे। कई श्रोता रात 11 बजे बाद तक कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन भारती गहलोत ने किया। अंत में संस्थान के संस्थापक विजय मलकानी ने सभी अतिथियों, कलाकारों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।