चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में फायर आर्म्स से जुड़े अपराधों में चालानशुदा एवं संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी चित्तौड़गढ़ और थाना शंभूपुरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हार्डकोर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अयूब शाह के रूप में हुई है, जो पुलिस थाना सूरजपोल, उदयपुर का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, पुलिस उप अधीक्षक विनोद कुमार लखारा और पुलिस निरीक्षक जोधाराम के निर्देशन में की गई। एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरजपोल उदयपुर थाने का एक हार्डकोर अपराधी शंभूपुरा थाना क्षेत्र के सावा में रह रहा है। सूचना पर डीएसटी टीम सावा चौकी पहुंची और स्थानीय पुलिस जाप्ते के साथ आरोपी की तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान मीणों का कंथारिया रोड, सावा में मुखबिर द्वारा बताए हुलिए का एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने नाम-पता पूछा तो वह घबराने लगा और जानकारी देने से इनकार किया। पूछताछ में उसने अपना नाम अयूब शाह पिता हसन शाह, उम्र 48 वर्ष, निवासी खड़क चौक, गोसिया कॉलोनी, किशनपोल, थाना सूरजपोल, जिला उदयपुर बताया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को सूरजपोल थाने का हार्डकोर अपराधी होना स्वीकार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी अयूब शाह के खिलाफ फायर आर्म्स से जुड़े दर्जनभर से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों के संबंध में भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम में डीएसटी से एएसआई सूरज कुमार, रामनरेश (साइबर सेल), कांस्टेबल जगदीश, रामकेश, देवेंद्र, सुरेश सुंडा, अरविंद, अशोक और कृष्णकांत शामिल रहे। थाना शंभूपुरा की टीम में थानाधिकारी धर्मराज मीणा, एएसआई विक्रम सिंह, कांस्टेबल शिवकुमार और राकेश शामिल रहे।