बड़वानी। जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को एसआईआर और निर्वाचन आयोग को लेकर भाजपा ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल ने कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा निर्वाचन आयोग, एसआईआर तथा मतदाता सूची को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के संबंध में जनता के बीच भ्रम और अविश्वास की स्थिति पैदा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में नहीं है।
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने 26 सितंबर की बैठक के बाद एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने कहा है कि एसआईआर से संबंधित प्रमुख निर्णय आयोग के तीनों सदस्यों की सर्वसम्मति से लिए गए थे। आयोग ने यह भी कहा कि एसआईआर से जुड़ा 24 जून 2025 का आदेश सुप्रीम कोर्ट के 27 मई 2026 के आदेश के बाद कायम रहा।
बलवंत सिंह पटेल ने फॉर्म-6 से जुड़े डिक्लेरेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विषय पर भी कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए गए हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार एसआईआर के दौरान फॉर्म-6 से जुड़े डिक्लेरेशन को लेकर उसकी स्थिति सुप्रीम कोर्ट के 27 मई 2026 के आदेश के संदर्भ में स्पष्ट की गई है।
कैबिनेट सचिव को लिखे गए पत्र का उल्लेख करते हुए पटेल ने कहा कि इसे एसआईआर और चुनाव प्रक्रिया से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जबकि निर्वाचन आयोग ने 26 सितंबर को स्पष्ट किया कि यह पत्र किसी नीतिगत निर्णय या आयोग के प्ज् विभाग से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी के कार्य से जुड़ा प्रशासनिक विषय था।
कांग्रेस से पूछे सवाल
पटेल ने कांग्रेस और राहुल गांधी से सवाल किया कि जब निर्वाचन आयोग ने एसआईआर से जुड़े निर्णयों पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है, तो वे अपने आरोपों पर किस आधार पर कायम हैं? उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस और राहुल गांधी सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णय को स्वीकार करते हैं, क्या मीडिया रिपोर्ट के आधार पर संवैधानिक संस्था पर गंभीर आरोप लगाना उचित है और क्या कांग्रेस निर्वाचन आयोग सहित देश की संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास करती है।
पत्रकार वार्ता में जिला मंत्री जितेंद्र निकुम और अमित शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार, कार्यालय मंत्री नरेंद्र बर्फा, मंडल अध्यक्ष जामसिंह जमरे एवं अमास्या अलावे, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष निशांत पंवार, नगर पालिका एल्डरमैन मिथुन यादव, भूपेंद्र गोयल और सचिन चौहान सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।