खनियांधाना। नगर परिषद के वार्ड नंबर 8 से निर्दलीय पार्षद मनीराम अहिरवार ने एक बार फिर अपनी जनसेवा और समर्पण भाव की अनूठी मिसाल पेश की है। वार्ड के विकास और जनता की सुविधाओं को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने एक सराहनीय पहल की है। पार्षद मनीराम अहिरवार ने अपने वार्डवासियों को बैठने के लिए विश्राम स्थल और बेहतर सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से अपने निजी पैसों से सीमेंट से बनी आधुनिक कुर्सियां (बेंच) प्रमुख स्थानों पर रखवाई हैं।
ये सीमेंट की कुर्सियां वार्ड के कई महत्वपूर्ण और व्यस्त सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित की गई हैं, जिनमें मुख्य रूप से बड़ी माता मंदिर परिसर, नेमिनाथ दिगंबर जैन छोटा मंदिर, क्रिश्चियन स्कूल के आगे शहीद बाड़ा और अन्य कई प्रमुख स्थान शामिल हैं। इन कुर्सियों के लग जाने से विशेष रूप से सुबह-शाम टहलने आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और राहगीरों को भारी राहत और सहूलियत मिल रही है। लोग अब इन स्थानों पर आराम से बैठकर आपस में चर्चा कर सकते हैं और विश्राम कर सकते हैं।
निजी कोष से लगातार जारी हैं विकास कार्य
पार्षद मनीराम अहिरवार जब से वार्ड के जनप्रितिनिधि के रूप में चुने गए हैं, तब से वे लगातार अपने वार्ड के विकास कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उन्होंने कई मौकों पर सरकारी फंड का इंतजार किए बिना अपने निजी कोष से वार्ड की बुनियादी समस्याओं का समाधान किया है। इससे पहले भी वे अपने वार्ड में अपने निजी पैसों से बिजली के खंभों पर प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटें लगवा चुके हैं, जिससे रात के समय अंधेरे की समस्या दूर हुई है और सुरक्षा बढ़ी है। इसके साथ ही, वार्ड में पेयजल संकट से जूझ रहे नागरिकों को राहत देने के लिए उन्होंने अपने ही खर्चे से वार्ड में 8 नए हैंडपंप भी लगवाए हैं, जिससे लोगों को सुगमता से पीने का पानी मिल रहा है।
वार्डवासियों में खुशी की लहर और प्रशंसा
एक जनप्रतिनिधि द्वारा अपने निजी संसाधनों से इस प्रकार लगातार जनहित के कार्य कराना खनियांधाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पार्षद के इन निरंतर और प्रभावी जनहितैषी प्रयासों से पूरे वार्डवासियों को भारी राहत मिली है। क्षेत्र के तमाम नागरिकों, युवाओं और बुजुर्गों ने पार्षद मनीराम अहिरवार के इस जनसेवा भाव और कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसा जनप्रतिनिधि मिलना वार्ड के लिए सौभाग्य की बात है जो हर समय जनता की भलाई के लिए तत्पर रहता है।