शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र में बिजली कटने और मकान का कनेक्शन काटे जाने से नाराज एक युवक शराब के नशे में ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ गया। रूंगटा-साबो स्थित एसईसीएल शारदा ओसीएम की बंद खदान कॉलोनी के सब-स्टेशन में युवक ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए काफी देर तक हंगामा किया।
युवक के ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ते ही सुरक्षा के लिहाज से बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बावजूद वह घंटों तक ट्रांसफॉर्मर के ऊपर बैठा रहा और बाद में खुद नीचे उतरा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। मामले ने विद्युत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।