मंदसौर। सोमवार को आयोजित समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने जिले में अवैध एवं नकली शराब तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग कार्रवाई सुनिश्चित करें, लापरवाही मिलने पर अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने आबकारी, राजस्व तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर और परिणाम भी दिखाई देना चाहिए। सभी एसडीएम को भी कार्रवाई में सक्रिय रूप से शामिल रहने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का करें संतुष्टिपूर्वक निराकरण-
सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व विभाग को शिकायतों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने और प्रकरणों को गंभीरता से लेने को कहा।
3 और 4 अक्टूबर को होंगे सेवा सेतु शिविर-
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ की तैयारियों की समीक्षा की गई। 3 अक्टूबर को धुंधड़का, तीतरोद, बोलिया, दुधाखेड़ी और बुडा में शिविर आयोजित होंगे, जबकि 4 अक्टूबर को जिले की 11 नगरीय निकायों में शिविर लगाए जाएंगे। शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होंगे और इनमें स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। धुंधड़का में 3 अक्टूबर को होने वाले शिविर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर भी शामिल रहेगा।
1 अक्टूबर को जिले में प्रवेश करेगी जल जन सेवा संकल्प यात्रा-
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी जल जन सेवा संकल्प यात्रा 1 अक्टूबर को जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा दल क्रमांक-1 दोपहर 12 बजे सीतामऊ के रुणीजा से, जबकि दल क्रमांक-8 शाम 4 बजे दलावदा से जिले में प्रवेश करेगा। कलेक्टर ने स्वागत, बैनर, श्रमदान, पौधरोपण, लाभ वितरण, विश्राम, भोजन एवं चिकित्सा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जर्जर भवनों को ध्वस्त करने, नगरीय निकायों में कर वसूली तथा मंदसौर कृषि उपज मंडी में चल रहे सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंडी में सफाई, शौचालय, साइनेज, टोकन वितरण, महिलाओं के लिए सुविधाएं, 108 एंबुलेंस, रेस्ट रूम और सीसीटीवी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय कार्यक्रमों एवं आयोजनों की सूचना समय-सीमा में संबंधित जनप्रतिनिधियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाई जाए। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।