नीमच। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना मत्स्य क्षेत्र से जुड़े लोगों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को विभिन्न मत्स्य गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता एवं अनुदान दिया जाता है।
योजना का लाभ लेकर नीमच जिले के मुबारिक हुसैन ने अपने वर्षों पुराने मछली विक्रय व्यवसाय का विस्तार किया है। वे पिछले 10 से 15 वर्षों से इस व्यवसाय से जुड़े हैं। सीमित संसाधनों के कारण उन्हें कारोबार बढ़ाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत उन्हें 4 लाख रुपए की अनुदान सहायता प्राप्त हुई। इस आर्थिक सहायता से उन्होंने अपने मछली व्यवसाय को विस्तार दिया। कारोबार बढ़ने के साथ उनकी आमदनी में वृद्धि हुई और व्यवसाय का दायरा भी बढ़ा।
मुबारिक हुसैन ने बताया कि योजना से मिली आर्थिक सहायता उनके लिए महत्वपूर्ण संबल साबित हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से छोटे व्यवसायियों और मत्स्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।